lucknow

Apr 22 2024, 16:26

इस बार चूक गई जनता तो महंगाई, बेरोजगारी से हो जाएगी हालत खराब : अखिलेश यादव

लखनऊ/रांची। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सोमवार को झारखण्ड के रांची दौरे पर पहुंचे। उन्होंने इंडिया (आईएनडीआईए) गठबंधन की संयुक्त रूप से आयोजित उलगुलान महारैली को सम्बोधित किया।उन्होंने कहा कि यह लोकसभा चुनाव बहुत विशेष है। इस लोकसभा चुनाव में भाजपा को हर हालत में हटाना है। अगर देश की जनता इस बार भाजपा को हटाने से चूक गयी तो महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार वर्तमान हालात से भी ज्यादा खराब हो जाएंगे। इनके पास देश की जनता को बताने के लिए कुछ नहीं बचा है।


उन्होंने कहा कि भाजपा सबसे झूठी पार्टी है। इलेक्टोरल बांड के नाम पर भारी भ्रष्टाचार किया है। हजारों करोड़ रुपये की चुनावी चंदा के नाम पर वसूली की है। तमाम कम्पनियों को डराकर वसूली की। कोरोना के समय वैक्सीन बनाने वाली कम्पनी से भी वसूली कर ली है। जबसे इलेक्टोरल बांड का मामला बाहर आया है, भाजपा के नेता घबराये हुए हैं। उनके पास भ्रष्टाचार का कोई जवाब नहीं है।अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने युवाओं की नौकरी छीनी है। हर साल दो करोड़ नौकरी देने का झूठा वादा किया। लेकिन कोई वादा पूरा नहीं किया। आज देश में 80-90 फीसदी पढ़ा-लिखा नौजवान बेरोजगार है। भाजपा सरकारों में भर्ती परीक्षाओं के तमाम पेपर लीक हुए। जबसे भाजपा की सरकार आयी है। नौजवानों, किसानों, आदिवासियों की आर्थिक स्थिति और खराब हो गई है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि पहले जुमलेबाजी करने वाले भाजपा के लोग जनता को झूठी गारन्टी दे रहे हैं। देश की जनता को भाजपा की गारन्टी नहीं, बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर के संविधान की गारन्टी चाहिए। इंडिया गठबंधन जनता को संविधान की गारन्टी देता है। संविधान की गारन्टी में सब कुछ है। इंडिया गठबंधन संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने की लड़ाई लड़ रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हार के डर से झारखण्ड के मुख्यमंत्री रहे हेमंत सोरेन और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को झूठे मामलों में जेल भिजवाया। भाजपा यह न भूले कि उसने शेर को भले ही गिरफ्तार कराया है लेकिन उनकी दहाड़ को नहीं गिरफ्तार करा पाई है। यह जो दहाड़ पूरे देश में जा रही है वह ऐलान कर रही कि बदलाव होना तय है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने झारखण्ड और आदिवासियों के साथ बहुत अन्याय किया है। यह भगवान बिरसामुंडा की धरती है। यह भाजपा को हराकर दिल्ली की सत्ता से बाहर करेगी। उन्होंने कहा कि पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा का सफाया हो गया है। किसान, नौजवान सहित सभी लोग एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ मतदान कर रहे हैं। भाजपा की सरकार अब बचने वाली नहीं है। इस दौरान महारैली को इंडिया गठबंधन की सभी पार्टियों के नेताओं ने सम्बोधित किया।

lucknow

Apr 22 2024, 16:25

यूपी में गुंडागर्दी कतई नहीं होने दी जाएगी : केशव प्रसाद मौर्य


लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर मंत्री डॉ. संंजय निषाद पर हमले का आरोप लगाया है। उन्होंने कि सपा बहादुर अखिलेश यादव की पार्टी के गुंडों ने निषाद पार्टी के मुखिया कैबिनेट मंत्री डॉक्टर संजय निषाद पर जानलेवा हमला किया है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलावरों के खिलाफ कठोर क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यूपी में गुंडागर्दी की वापसी क़तई नहीं होने दी जाएगी। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि गांधी परिवार के राजतंत्र के खिलाफ कभी बिगुल बजाने वाले नेता आज खुद इस परिवार की गोद में बैठकर लोकतंत्र का राग अलाप रहे हैं। मौर्य अबकी बार 400 पार का नारा एक बार फिर बुलंद किया।

lucknow

Apr 22 2024, 16:24

कट्टरपंथियों के साथ खड़ी है कांग्रेस : ब्रजेश पाठक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब कट्टरपंथियों के साथ खड़ी है। विगत कई सालों से कांग्रेस अपने रास्ते से भटक गई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 10 साल देश की सेवा की। मोदी के नेतृत्व में विकास के अनेक कार्य हुए। दस वर्ष के कार्यकाल में एक भी भ्रष्टाचार का चिन्ह भाजपा पर नहीं लगा।



ब्रजेश पाठक प्रदेश भाजपा कार्यालय पर विभिन्न दलों से आए कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराने के बाद बोल रहे थे। प्रदेश कार्यालय में ब्रजेश पाठक के समक्ष पूर्व सांसद संतोष कुमार सिंह, पूर्व विधायक अशोक सिंह, पूर्व विधायक पहलवान सिंह, चौधरी सरदार सिंह, सरिता सिंह और करुणाकर पाण्डेय भाजपा में शामिल हुए। इसके अलावा नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष मुन्नी देवी, बसपा के वरिष्ठ नेता कुंवर वकील चंद्र और भगवान बख्श सिंह ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।



इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष, भाजपा अवध क्षेत्र कमलेश मिश्रा, प्रदेश मंत्री शिव भूषण, प्रदेश मंत्री शंकर सिंह लोधी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित और सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे एवं अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

lucknow

Apr 22 2024, 16:23

अलीगढ़ में पीएम मोदी ने राहुल गांधी और अखिलेश पर साधा निशाना, बोले- आपकी मेहनत की कमाई पर कांग्रेस अपना पंजा मारना चाहती है
लखनऊ। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को अलीगढ़ के नुमाइश मैदान में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर जमकर हमला बोला। मोदी ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के खतरनाक इरादों से लोगों को आगाह कर रहा हूं। कांग्रेस की नजर आपकी कमाई पर है।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शहजादे का कहना है कि उनकी सरकार आई तो वह सबकी सम्पत्ति की जांच कराएंगे। वह आपकी सम्पत्ति लेकर लोगों में बांट देंगे। यह मैं नहीं कह रहा हूं, यह कांग्रेस का घोषणा पत्र कह रहा है। सरकार के नाम पर कांग्रेस आपकी सम्पत्ति छीन लेगी। यह माओवादी सोच है। यह कम्युनिस्टों की सोच है। आपकी मेहनत की कमाई पर कांग्रेस अपना पंजा मारनी चाहती है। माताओं, बहनों का मंगलसूत्र अब सलामत नहीं रहेगा, यह कांग्रेस कहती है। इन परिवारवादी लोगों ने देश के लोगों को लूटकर अपना बड़ा साम्राज्य बना लिया है। किसी गरीब को उसमें से कुछ नहीं दिया है। उल्टे वे गरीबों से छीनना चाहते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली बार जब मैं अलीगढ़ आया था, तब मैंने आप सबसे अनुरोध किया था कि सपा और कांग्रेस के परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की फैक्टरी में ताला लगा दीजिए। आपने ऐसा ताला लगाया कि दोनों शहजादों को इसकी चाबी नहीं मिल रही है। अलीगढ़ की जनता से प्रार्थना करने और आपका आशीर्वाद लेने आया हूं। अच्छे भारत और विकसित भारत की चाबी भी आपके पास ही है। अब देश को गरीबी, भ्रष्टचार, परिवारवादी राजनीति से पूरी तरह से मुक्त कराने का समय आ गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले बार्डर पर आए दिन गोले दगते थे। आतंकी बम फोड़ते थे। अयोध्या और काशी को नहीं छोड़े। हर बड़े शहर में बम धमाका। अब उस सीरियल बम धमाके पर ब्रेक लग गया है। अब मोदी-योगी का कमाल है कि यह सब बंद हो गया है। पहले अलीगढ़ में भी आए दिन कर्फ्यू लगता था। अब ऐसा नहीं है।

मोदी ने कहा कि दंगे, हत्या, गैंगवार, फिरौती सपा की पहचान थी। इसी से उनकी राजनीति चलती थी। एक समय था कि बेटियां बाहर निकल नहीं सकती थीं। आज योगी सरकार में कोई गुंडा सिर नहीं उठा सकता है। पहले हज कोटा कम होता था। उसमें भी घूसखोरी चलती थी। ज्यादातर पैसे वाले लोग ही जा पाते थे। हमारी सरकार ने हज का कोटा ही नहीं बढ़ाया बल्कि प्रक्रिया को आसान भी बनाया। पहले अकेली महिलाएं हज करने नहीं जा सकती थीं। हमने उसे भी दुरुस्त किया। आज बहुत सी मुस्लिम माताएं-बहनें हमें आशीर्वाद दे रही हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अलीगढ़ के लाखों लोगों को आयुष्मान कार्ड के माध्यम से इलाज की सुविधा मिल रही है। मोदी ने गारंटी दी है कि आपके परिवार के 70 साल से अधिक उम्र के लोगों की चिंता यह बेटा (मोदी) करेगा। मोदी ने कहा कि गरीब को घर मिला, राशन मिला, इलाज मिला। यह सब आपके एक वोट ने किया। इस अच्छे कार्य का पुण्य आपको भी मिल रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सरकार की तमाम योजनाओं का भी जिक्र किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने अलीगढ़ से सतीश गौतम और हाथरस से अनूप बाल्मीकि को जिताने की अपील की। मोदी ने कहा कि आप यह वोट भले ही यहां सतीश गौतम या अनूप बाल्मीकि को देंगे, लेकिन जब कमल का बटन दबाएंगे तो यह वोट सीधे मोदी को मिल जाएगा।

lucknow

Apr 21 2024, 11:03

मुरादाबाद लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी रहे सर्वेश सिंह को सियासत विरासत में मिली थी, जानिये पूरा राजनीतिक इतिहास

लखनऊ । पूर्व सांसद और यूपी के मुरादाबाद लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी रहे सर्वेश सिंह को सियासत विरासत में मिली थी। उनके पिता रामपाल सिंह 1962 से 1989 तक राजनीति में सक्रिय रहे। वह चार बार ठाकुरद्वारा से विधायक और एक बार अमरोहा से सांसद चुके गए थे। पिता से राजनीति के गुर विरासत में मिलने के बाद सर्वेश सिंह 1991 में सक्रिय राजनीति में आए थे। ठाकुरद्वारा क्षेत्र के रतूपुरा गांव निवासी सर्वेश सिंह का जन्म 23 दिसंबर 1952 हुआ था। उन्होंने 26 मई 1983 को कुंवरानी साधना सिंह से शादी की थी। उनकी एक बेटी और एक बेटा है। 1991 में उन्होंने राजनीति में कदम रखा था। तब भाजपा के टिकट पर ठाकुरद्वारा की अपनी पैतृक सीट से लड़े और विधायक बने।

बता दें कि 2007 तक सर्वेश सिंह इस सीट पर विधायक रहे। 2007 में इस सीट पर बसपा के विजय यादव ने जीत दर्ज की थी। सर्वेश सिंह ने 2009 में लोकसभा चुनाव में भाजपा से मुरादाबाद लोकसभा चुनाव लड़ा लेकिन वह मोहम्मद अजहरुद्दीन से हार गए थे। उन्होंने 2012 में फिर से ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। 2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें मुरादाबाद लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया और उन्होंने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार डॉ. एसटी हसन को 87,504 वोटों के अंतर से हराया था। 2019 में भाजपा ने उन्हें फिर से प्रत्याशी बनाया गया था लेकिन बसपा-सपा गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. एसटी हसन से चुनाव हार गए थे। 2024 में चौथी बार भाजपा ने सर्वेश सिंह को मुरादाबाद लोकसभा चुनाव मैदान में उतारा था। एक दिन पहले 19 अप्रैल को ही मुरादाबाद में मतदान हुआ था। उन्होंने भी मतदान किया था। सर्वेश सिंह के बेटे सुशांत सिंह बढ़ापुर विधानसभा से भाजपा के विधायक हैं। सर्वेश सिंह 1991 से लेकर राजनीति में सक्रिय रहे।

ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट से भाजपा अंतिम बार 2012 में जीती थी। तब सर्वेश सिंह विधायक चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने 2014 लोकसभा का चुनाव लड़ा और जीत गए। तब उन्हें विधायक पद से इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद से ठाकुरद्वारा सीट पर उपचुनाव हुए लेकिन भाजपा के प्रत्याशी राजपाल सिंह चौहान चुनाव हार गए। इसके बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को हार मिली। 2022 में भाजपा ने इस सीट पर अजय प्रताप सिंह को मैदान में उतारा लेकिन वे भी जीत दर्ज नहीं कर पाए। सर्वेश सिंह के बाद यहां से भाजपा का कोई प्रत्याशी नहीं जीत पाया है।

lucknow

Apr 21 2024, 09:23

भाजपा उम्मीदवार कुंवर सर्वेश सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक

लखनऊ। मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया कि पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह के निधन से स्तब्ध हूं। ये भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ है।

उन्होंने प्रभु श्री राम से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों और उनके समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
उल्लेखनीय है कि मुरादाबाद में लोकसभा के प्रथम चरण में शुक्रवार को मतदान हुआ था। कुंवर सर्वेश सिंह ने मतदान किया था। इसके बाद उनकी तबियत बिगड़ी तो परिजन ने उन्हें दिल्ली ले आए और एम्स में भर्ती कराया, जहां पर उपचार के दौरान शनिवार की देर सायं उनका निधन हो गया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि मुरादाबाद भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत तथा मुरादाबाद के पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह का असामयिक निधन अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। सर्वेश सिंह का गोलोकवासी होना मुरादाबाद ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं प्रभु श्रीराम चंद्र जी से कामना करता हूँ कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा उनके समर्थकों व शोक संतप्त परिजनों को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

सर्वेश कुमार सिंह उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक कद्दावर शख्सियत के तौर पर जाने जाते थे। उन्होंने विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दी। वह ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट से पांच बार विधायक और 2014 में सांसद रहे। सर्वेश कुमार सिंह 1991, 1993, 1996, 2002 और 2012 में ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र से विधायक का चुनाव जीता था। इलाके में सर्वेश कुमार सिंह बेहद लोकप्रिय थे।

lucknow

Apr 19 2024, 20:38

लोस चुनाव : उप्र की आठ सीटों पर तीन बजे तक 47.44 फीसदी मतदान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आठ निर्वाचन क्षेत्रों में शुक्रवार की सुबह सात बजे से शांतिपूर्ण मतदान जारी है। इन सीटों पर तीन बजे तक 47.44 प्रतिशत मतदान हुआ है।

यह जानकारी उप्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से दी गई है। जिन सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें सहारनपुर लोकसभा सीट पर सबसे ज्यादा मतदान 53.31 प्रतिशत हुआ है।

उल्लेखनीय है कि लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2024 के प्रथम चरण का मतदान सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच चल रहा है। इस दौरान तीन बजे तक शुरूआती नौ घंटों में उप्र की आठ लोकसभा सीटों पर कुल 47.44 प्रतिशत प्रतिशत मतदान हुआ है।

सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त के चलते मतदान बूथों पर लगातार मतदाताओं की कतारें लगी हुई हैं। मतदान के शुरूआती छह घंटों की रुझान को देखते हुए चुनाव आयोग ने बेहतर मतदान प्रतिशत होने की संभावना जताई है।

lucknow

Apr 19 2024, 19:40

डीजीपी ने पुलिस मुख्यालय में बने कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया,जिले से आने वाली शिकायतों पर कई अफसरों का दिया निर्देश

लखनऊ। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में कहीं किसी प्रकार की अव्यवस्था न उत्पन्न होने पाये। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। मतदान को लेकर डीजीपी खुद सक्रिय नजर आये।

उत्तर प्रदेश में लोकसभा का चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए पुलिस मुख्यालय में बने कंट्रोल रूम का निरीक्षण करने शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार पहुंचे। पुलिस महानिदेशक ने कंट्रोल रूम में मौजूद पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों से बातचीत की। इसके अलावा कंट्रोल रूम में चल रहे टेलीविजन के जरिए की जा रही मॉनिटरिंग को देखा। इस दौरान जिस जिले में कुछ भी शिकायतें मिल रही थी तो वह स्वयं वहां के पुलिस अधिकारी या जिला प्रशासन अफसर से फोन पर निर्देश दे रहे थे।

पुलिस महानिदेशक ने प्रथम चरण के मतदान को सकुशल सम्पन्न कराए जाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर आज मतदान हो रहे हैं, जिसमें सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर,नगीना, मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत लोकसभा की सीटें हैं।

lucknow

Apr 19 2024, 15:08

पुरानी सरकारों ने एससी, एसटी, ओबीसी समाज को धोखा दिया : पीएम मोदी
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के अमरोहा में पार्टी की जनसभा इंडी गठबंधन को निशाने पर लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा चुनाव में अपने 400 पार के संकल्प को दुहराते हुए कहा कि इंडी गठबंधन के नेता राम और कृष्ण विरोधी हैं। उन्होंने युवाओं का पहले चरण के लिए हो रहे मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री मोदी ने खासकर युवाओं से कहा कि वह ऐसा मौका अपने हाथ से जाने न दें। युवा अवश्य वोट करें। उन्होंने अपनी और योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए समूचे विपक्ष को कठघरे में खड़ा किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव का नाम लिए बगैर कहा कि यूपी के दो शहजादों की जोड़ी की फिल्म शूटिंग चल रही है। इसका पहले ही रिजेक्शन हो चुका है। यह लोग हमारी आस्था पर हमला करने का कोई भी मौका नहीं छोड़ते। यहां के कांग्रेस उम्मीदवार को तो भारत माता की जय बोलना भी मंजूर नहीं। जिन लोगों को भारत माता की जय बोलना पसन्द नहीं, क्या वह संसद में शोभा देंगे। रमालला की प्राण प्रतिष्ठा में भी नहीं आए। इनसे तो ठीक वे लोग हैं जिन्होंने जीवनभर बाबरी मस्जिद के लिए मुकदमा लड़ा और हार गए तो प्राण प्रतिष्ठा में शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और सपा पर खूब हमला बोला।

अमरोहा भगवान श्री कृष्ण के चरणों की दासी रही है: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अमरोहा कोई साधारण जगह नहीं है। मां गंगा के तट पर स्थित यह धरती भगवान श्रीकृष्ण के चरणों की दासी रही है। यह वीरों की भूमि है। अमरोहा की ढोलक की थाप दूर-दूर तक गूंजती है। मुख्यमंत्री योगी ने जीआई टैग के माध्यम से अलग पहचान दिलाई है। आज अमरोहा की एक थाप है-कमल छाप। अमरोहा का एक ही स्वर है फिर एक बार भाजपा सरकार। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अमरोहा दुनिया में डंका बजाता है। क्रिकेट की दुनिया में मोहम्मद शामी ने जो प्रदर्शन किया, उसकी दुनिया कायल है। केंद्र सरकार ने बेहतर प्रदर्शन के लिए मोहम्मद शामी को अर्जुन पुरस्कार दिया है। योगी सरकार एक कदम और आगे बढ़ गई। यहां के लोगों के लिए प्रदेश की सरकार स्टेडियम बनवा रही है। इसके लिए अमरोहावासियों को बहुत-बहुत बधाई।

उन्होंने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव भारत के भविष्य का चुनाव है। यह चुनाव भारत के भविष्य का निर्धारण करेगा। आज भारत बड़े विजन और बड़े लक्षय के साथ आगे बढ़ रहा है। इंडी गठबंधन सारी शक्ति गांव और गरीब को पिछड़ा बनाए रखने में लगा रही है। यह इलाका दिल्ली और एनसीआर के बहुत करीब है लेकिन एनसीआर का फायदा अमरोहा को जो मिलना चाहिए था, वह पहले नहीं मिला। योगी सरकार में मिल रहा है।

अब यूपी की पहचान एक्सप्रेस-वे प्रदेश के रूप में: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा क पहले यूपी की पहचान पिछड़ेपन के लिए होती थी। आज यूपी की पहचान एक्सप्रेस-वे के प्रदेश के रूप में हो रही है। आज यूपी में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं। अमरोहा और गजरौला के लिए रेलवे स्टेशन रोड बनाया जा रहा है। वंदे भारत जैसी ट्रेनों का विस्तार हो रहा है। अभी तो हमें यूपी और देश को बहुत आगे ले जाना है। हमारे देश में पहले की सरकारें सामाजिक न्याय के नाम पर एससी, एसटी और ओबीसी समाज को सिर्फ धोखा ही देती रही हैं। जो सपना ज्योतिबा फूले का था, जो सपना अंबेडकर का था, चौधरी चरण सिंह का था, सामाजिक न्याय का था। उन सपनों को पूरो करने के लिए जब से आपने मोदी को मौका दिया है, उसे पूरा करने के लिए दिन रात काम कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि जब मोदी तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाकर अपनी मुस्लिम बहनों को बचाता है तो यह सामाजिक न्याय में मदद करता है। जब मोदी घर-घर जल पहुंचाता है, गैस और बिजली पहुंचाता है तो महिलाओं की जिंदगी आसान होती है। सामाजिक न्याय पक्का होता है।

उन्होंने कहा कि हमारे यहां गरीबों की एससी, एसटी और ओबीसी समुदाय की कितनी भी पीढ़ियां बिजली, पानी, रहने के लिए घर के बिना ही गुजार दीं। मोदी गरीब का बेटा है। इसलिए मोदी आपको इस मुश्किल से निकालने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहा है। खुद को खपा रहा है। भाजपा सरकार ने 10 साल में जो चार करोड़ पक्के घर गरीबों के लिए बनवाएं हैं, उसके बहुत बड़े लाभार्थी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और ओबीसी समाज है। अब तो भाजपा अपने संकल्प पत्र में तीन करोड़ घर और बनाने की घोषणा की है।

दिया 'बूथ जीतो चुनाव जीतो' का लक्ष्य: प्रधानमंत्री मोदी ने सभा में मौजूद लोगों से कहा कि वे घर-घर जाएं और उनसे कहें कि 10 साल में जो कुछ करने के लिए बचा होगा, उसे पूरा किया जाएगा। आप सब मोदी हो। उसी तरह से वादा करिये। हम उसे पूरा करने में जी जान लगा देंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने बूथ जीतो चुनाव जीतो का लक्ष्य भी दिया।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमरोहा की जनता की तरफ से प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री मोदी का यहां आगमन हुआ। भारत के शिल्पी के रूप में विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को लेकर अहर्निश प्रयास कर रहे प्रधानमंत्री के कारण आज देश के अंदर सुरक्षा का एक बेहतर वातावरण हम सब को प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कारण आज न केवल भारत को दुनिया के अंदर सम्मान मिल रहा है बल्कि 140 करोड़ देशवासी न केवल दुनिया में बल्कि देश के अंदर भी गौरव की अनुभूति करता है। देश के अंदर जो परिवर्तन देखने को मिला है,वह प्रधानमंत्री मोदी की वजह से संभव हुआ है। यह परिवर्तन अद्भुत है और अभूतपूर्व है। दुनिया के लिए यह कौतूहल का विषय है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की 80 करोड़ जनता को राशन मिल रहा है। एक तरफ जहां पाकिस्तान भूख की कगार पर खड़ा है। वहीं भारत के 80 करोड़ लोगों को नि:शुल्क राशन की सुविधा लोगों को चौकाने वाला है। इसलिए देश के हर ओर से आवाज सुनाई दे रही है कि फिर एक बार मोदी सरकार और अबकी बार चार सौ के पार। साथ ही प्रदेश और अमरोहा की जनता से भारतीय जनता पार्टी को विजयी दिलाने की अपील की

lucknow

Apr 19 2024, 15:00

आठ सीटों पर एक बजे तक 36.96 फीसदी मतदान, सहारनपुर लोकसभा सीट पर सबसे ज्यादा रहा मतदान



लखनऊ उत्तर प्रदेश की आठ निर्वाचन क्षेत्रों पर शुक्रवार की सुबह सात बजे से शांतिपूर्ण मतदान जारी है। इन सीटों पर एक बजे तक 36.96 प्रतिशत मतदान हुआ है। यह जानकारी उप्र मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से दी गई है। जिन सीटों पर मतदान हो रहा है उनमें सहारनपुर लोकसभा सीट पर सबसे ज्यादा मतदान 42.32 प्रतिशत हुआ है।



उल्लेखनीय है कि लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2024 के प्रथम चरण का मतदान सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच चल रहा है। इस दौरान एक बजे तक शुरूआती छह घंटों में उप्र की आठ लोकसभा सीटों पर कुल 36.96 प्रतिशत मतदान हुआ है। सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त के चलते मतदान बूथों पर लगातार मतदाताओं की कतारें लगी हुई हैं। मतदान के शुरूआती छह घंटों के रूझाने को देखते हुए चुनाव आयोग ने बेहतर मतदान प्रतिशत होने की संभावना जता रही है।



किस सीट पर कितना हुआ मतदान



सहरानपुर- 42.32 प्रतिशत

पीलीभीत- 38.51 प्रतिशत



नगीना(अ0जा0)- 38.28 प्रतिशत

कैराना - 37.92 प्रतिशत



बिजनौर- 36.08 प्रतिशत

मुरादाबाद- 35.25 प्रतिशत



मुजफ्फरनगर - 34.51 प्रतिशत

रामपुर- 32.86 प्रतिशत